मुक्तेश्वर से शुरू हुई अल्टीमेट उत्तराखंड MTB चैलेंज, 10 जिलों से गुजरेगी रेस
मुक्तेश्वर से मसूरी तक साइकिलिंग का रोमांच, 26 नवंबर को होगा समापन
नैनीताल: उत्तराखंड में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुक्तेश्वर से अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 की शुरुआत हुई। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस प्रतियोगिता में 18 राज्यों के साथ एयरफोर्स, आर्मी और आईटीबीपी के कुल 66 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि साहसिक खेलों के आयोजन से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के प्रयासों की सराहना की।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा प्रदेश के 10 जनपदों से गुजरते हुए करीब 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा। आयोजन के लिए 80 लोगों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन विभिन्न कारणों से 14 प्रतिभागी इसमें शामिल नहीं हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर टूरिज्म और माउंटेन साइक्लिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसके जरिए स्थानीय अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन आधारित रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रही है। स्थानीय युवाओं को गाइड, होमस्टे, परिवहन और खानपान जैसी सेवाओं से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रतिभागियों को प्रदेश की लोकसंस्कृति, खानपान और स्थानीय उत्पादों से भी परिचित कराया जाएगा।
कार्यक्रम में केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट और पर्यटन विकास परिषद के प्रतिनिधियों सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।