उत्तरकाशी में खुला ‘हिमालयन भोजनालय’, महिलाएं संभाल रहीं संचालन
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिला स्वरोजगार का नया अवसर
उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ में शुक्रवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रीप परियोजना के तहत स्थापित ‘हिमालयन भोजनालय’ का शुभारंभ किया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगुण बैरियर के समीप स्थित इस भोजनालय का संचालन सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कर रही हैं।
शुभारंभ के दौरान मुख्य सचिव ने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके व्यवसाय और आमदनी की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन रुकते हैं, जिससे भोजनालय में यात्रियों का आवागमन बना रहता है। रीप परियोजना के सहयोग और बैंक ऋण की सुविधा से उन्होंने अपना व्यवसाय शुरू किया है। अब उन्हें बड़े आयोजनों में भी भोजन के ऑर्डर मिलने लगे हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। वहीं, रीप परियोजना के परियोजना प्रबंधक कपिल उपाध्याय ने बताया कि प्रदेशभर में इस तरह के वे-साइड ईटरी विकसित किए जा रहे हैं। इन्हें एकरूप पहचान देने के लिए ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम दिया गया है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।