नई टिहरी में धूमधाम से मनाया गया इगास पर्व, महिलाओं ने बनाए पकवान
10 किलो दाल के पकौड़े और स्वालों से हुआ इगास पर्व का आयोजन
नई टिहरी: उत्तराखंड के लोकपर्व इगास के अवसर पर बौराड़ी स्टेडियम में शुक्रवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। नव युवक अभिनय श्री रामकृष्ण लीला समिति और नगर पालिका टिहरी की ओर से आयोजित इस समारोह का शुभारंभ हवन-यज्ञ के साथ हुआ। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने सामूहिक रूप से पारंपरिक पकवान तैयार किए।
समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल और सचिव अमित पंत ने बताया कि समिति हर साल इगास पर्व मनाती है। इस बार स्थानीय महिलाओं ने करीब 10 किलो दाल के पकौड़े और स्वालें बनाकर अतिथियों एवं प्रतिभागियों को प्रसाद स्वरूप वितरित किए। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। देर शाम भैलो खेलने का आयोजन रखा गया।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने बताया कि पहाड़ों में माधो सिंह भंडारी की विजय के उपलक्ष्य में इगास पर्व मनाया जाता है।
वहीं, नगर पालिका की ओर से भी बौराड़ी स्टेडियम में इगास उत्सव आयोजित किया गया। पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने बताया कि शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगितात्मक रंगोली बनाई। शाम को दीपमाला, भैलो और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नई टिहरी में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नगर पालिका लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में नवंबर के अंत में त्रिवेणी कौथिग का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में समिति एवं नगर पालिका के पदाधिकारियों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।