गोरखपुर: ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में गुलरिहा पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते से धोखाधड़ी कर निकाली गई रकम में से 73,501.10 रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। पीड़ित के बैंक खाते से साइबर ठगों ने ऑनलाइन माध्यम से कुल 80 हजार रुपये की धनराशि निकाल ली थी।

हेल्प डेस्क साइबर प्रभारी आयुष द्विवेदी ने मंगलवार काे यह बताया कि साइबर फ्रॉड की घटना के संबंध में पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की जानकारी मिलते ही थाना गुलरिहा की साइबर हेल्प डेस्क टीम सक्रिय हुई और संबंधित बैंक अधिकारियों से संपर्क कर साइबर ठगी की धनराशि को तत्काल होल्ड कराने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप ठगी की गई धनराशि में से कुल 73,501.10 रुपये विभिन्न बैंक खातों में होल्ड करा लिए गए। इसके बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए होल्ड की गई धनराशि को नियमानुसार पीड़ित के खाते में वापस कराया गया। इससे पीड़ित को बड़ी राहत मिली।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतें। किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, यूपीआई पिन अथवा अन्य संवेदनशील विवरण साझा न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही संबंधित बैंक को सूचना दें, ताकि ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराया जा सके।

Tags: