विधानसभा चुनाव के लिए पुलिस ने कसी कमर, चुनाव सेल का गठन
चुनावी व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने बनाया अलग सेल
हरिद्वार: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनावी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी नवनीत सिंह ने चुनाव सेल का गठन किया है। इस संबंध में आदेश जारी कर इंस्पेक्टर योगेश दत्त को चुनाव सेल की कमान सौंपी गई है।
तत्काल प्रभाव से लागू आदेश के तहत गठित चुनाव सेल में प्रभारी इंस्पेक्टर सहित कुल 13 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई है। टीम में एक उपनिरीक्षक, एक अपर उपनिरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल और आठ कांस्टेबल शामिल हैं।
चुनाव सेल आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विभिन्न व्यवस्थाओं की तैयारी करेगी। इसमें चुनाव ड्यूटी के लिए पुलिस बल की मांग, आवंटित फोर्स का वितरण और निर्वाचन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्य किया जाएगा।
पुलिस स्तर पर समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने के उद्देश्य से गठित यह सेल चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं के समन्वय और नियोजन की जिम्मेदारी संभालेगी, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।