देहरादून: लोकपर्व इगास-बग्वाल की शुभकामनाओं के साथ राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत सहेजने का आह्वान किया है। राज्यपाल ने परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया, जबकि मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से पैतृक गांवों में पर्व मनाने की अपील की।

राज्यपाल ने अपने संदेश में इगास-बग्वाल, जिसे बूढ़ी दीपावली भी कहा जाता है, को लोकआस्था, सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और जड़ों से जोड़ते हैं।

डॉ. बिसेन ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराएं अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोकपरंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने इगास को प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, पारिवारिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता से जुड़ा पर्व बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को नई ऊर्जा मिल रही है और उत्तराखंड में भी इगास के प्रति उत्साह बढ़ा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार ने इगास पर सार्वजनिक अवकाश की व्यवस्था की है, ताकि लोग अपने पैतृक गांवों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मना सकें। उन्होंने युवाओं से अपनी लोकसंस्कृति को जानने और आगे बढ़ाने का आग्रह किया। साथ ही प्रवासी उत्तराखंडवासियों से गांवों में इगास मनाकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की अपील की।

Tags: