नैनीताल: उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से 'अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026' का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए 80 साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगे। प्रतिभागी उत्तराखंड के 10 जनपदों से गुजरते हुए कुल 658 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा।

प्रतियोगिता के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर गुरुवार को मुक्तेश्वर स्थित एक रिजॉर्ट में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़े और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन उत्तराखंड के पर्यटन, लोकसंस्कृति और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि साहसिक खेलों के माध्यम से प्रदेश की विभिन्न घाटियों, नगरों और जनपदों को एक सूत्र में जोड़ने का अवसर मिलता है। इसके साथ ही देश-दुनिया से आने वाले लोगों को उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं को जानने का मौका मिलता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलता है और 'वोकल फॉर लोकल' की भावना मजबूत होती है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं।

उन्होंने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों और जैव विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में साहसिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। हिमालयन एमटीबी चैलेंज जैसे आयोजन उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से पहुंचे साइकिलिस्टों, आयोजन से जुड़े अधिकारियों और अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति खुरपाताल और नई दिशाएं नैनीताल के कलाकारों ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

प्रसिद्ध लोकप्रेम गाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित नृत्य प्रस्तुति में कलाकारों ने प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को जीवंत किया। वहीं, 'तेरो नथुली को डोर' गीत पर प्रस्तुत छपेली लोकनृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री देवेंद्र ढैला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेंद्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा और गिरधर मनराल सहित कई अतिथि मौजूद रहे।

हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 के माध्यम से 80 साइकिलिस्ट प्रदेश के 10 जनपदों में 658 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य साहसिक पर्यटन के साथ उत्तराखंड की संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा देना है।

Tags: