हरिद्वार: दूषित पानी को शोधित करने की वैज्ञानिक प्रक्रिया और गंगा में प्रदूषण रोकने की व्यवस्था को समझने के लिए डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी, देहरादून के विद्यार्थियों ने गुरुवार को जगजीतपुर के 68 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भ्रमण किया। नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत आयोजित इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने संयंत्र की तकनीकी इकाइयों का अवलोकन किया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि जगजीतपुर का यह संयंत्र पिंक एसटीपी है, जहां दिन के समय कार्यरत सभी कर्मचारी महिलाएं हैं। परियोजना प्रबंधक इंजीनियर मीनाक्षी मित्तल के नेतृत्व में संचालित संयंत्र के माध्यम से उन्हें महिला नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण की जानकारी भी मिली।

भ्रमण के दौरान शहरों और आवासीय क्षेत्रों से आने वाले दूषित पानी के उपचार की विभिन्न प्रक्रियाएं समझाई गईं। विद्यार्थियों ने जाना कि वैज्ञानिक विधियों से ठोस अपशिष्ट, हानिकारक पदार्थ और प्रदूषक अलग किए जाते हैं, ताकि बिना उपचारित गंदा पानी गंगा तथा अन्य जल स्रोतों में न पहुंचे।

उन्हें अपशिष्ट जल प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों और जल संसाधनों के संरक्षण में एसटीपी की भूमिका के बारे में भी बताया गया। गंगा स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों को विद्यार्थियों ने करीब से देखा।

जिला परियोजना अधिकारी सत्यदेव आर्य ने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान का व्यावहारिक पक्ष समझने का अवसर देते हैं। उनका उद्देश्य जल प्रबंधन की वास्तविक परिस्थितियों और तकनीकों से परिचित कराना तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करना है।

इस अवसर पर प्लांट इंचार्ज संदीप, सचिन कुमार, अंजली और विश्वविद्यालय की ओर से शैलजा भंडारी सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।

Tags: