पंतनगर विश्वविद्यालय के 55 दैनिक वेतनभोगियों ने उठाई नियमितीकरण की मांग
पंतनगर के दैनिक वेतनभोगियों को समाधान का भरोसा, मंत्री ने लिया संज्ञान
पंतनगर: वर्ष 2003 से पहले से सेवाएं दे रहे 55 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण लंबित होने का मामला शुक्रवार को कृषि मंत्री गणेश जोशी के सामने पहुंचा। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना के नेतृत्व में मंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और शासन स्तर से स्वीकृति दिलाने की मांग की।
कर्मचारियों ने बताया कि वे लंबे समय से विश्वविद्यालय में लगातार कार्यरत हैं, लेकिन नियमितीकरण का मामला अब भी शासन में लंबित है। प्रतिनिधिमंडल ने नियमित नहीं होने से सामने आ रही समस्याओं से भी मंत्री को अवगत कराया।
गणेश जोशी ने मामले का संज्ञान लेते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति और सचिव कृषि को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि समस्या के समाधान के लिए जल्द जरूरी कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान मंत्री ने उन्हें लोकपर्व इगास की शुभकामनाएं भी दीं।
इसके बाद कृषि मंत्री ने कुलपति डॉ. एसके कश्यप से मुलाकात की। उन्होंने विश्वविद्यालय में संचालित शोध कार्यों, कृषि अनुसंधान और नवाचारों की जानकारी ली। जोशी ने शोध को किसानों के लिए उपयोगी बनाने तथा कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।