हरिद्वार में गौकशी के आरोपी पर पुलिस का एक्शन, ढोल बजाकर किया जिला बदर
गौकशी के आरोपी पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई, न्यायालय के आदेश पर जिला बदर
हरिद्वार में आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है। गौकशी के तीन मामलों में आरोपित सोनू उर्फ गागा को न्यायालय के आदेश पर जिले से बाहर कर दिया गया। पुलिस ने बाकायदा ढोल बजाकर उसे हरिद्वार की सीमा से बाहर रवाना किया। आरोपी को अगले एक महीने तक जिले में प्रवेश नहीं करने की चेतावनी दी गई है।
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत पुलिस ने माधोपुर निवासी सोनू उर्फ गागा के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की है। आरोपी रिजवान का पुत्र है और उसके खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत गौकशी से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। इसके बाद मामले में न्यायालय का आदेश मिलने पर पुलिस ने जिला बदर की प्रक्रिया पूरी की।
रविवार को गंगनहर कोतवाली पुलिस की टीम आरोपी को लेकर जिले की सीमा तक पहुंची। यहां ढोल बजाकर उसे हरिद्वार जिले से बाहर किया गया। इसके बाद उसे उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की दिशा में रवाना कर दिया गया।
पुलिस ने सोनू उर्फ गागा को स्पष्ट हिदायत दी है कि वह एक महीने तक हरिद्वार जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान गंगनहर कोतवाली के एसएसआई धर्मेंद्र राठी, एएसआई मनीष कवि और कांस्टेबल राहुल खन्ना मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ की जा रही कानूनी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।