देहरादून: लोकआस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व रविवार को उत्तराखंड में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। देहरादून से लेकर धर्मनगरी हरिद्वार और ऋषिकेश तक गंगा घाटों और विभिन्न जलाशयों के किनारे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भाजपा की उत्तराखंड सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी छठ पूजा के आयोजनों में भाग लेकर सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना की।

टपकेश्वर मंदिर में गणेश जोशी और बांसुरी स्वराज ने की पूजा

देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और सांसद बांसुरी स्वराज शामिल हुए। दोनों नेताओं ने सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान गणेश जोशी ने भगवान शिव की भी पूजा की।

कार्यक्रम में गणेश जोशी ने कहा कि छठ पूजा आस्था, श्रद्धा, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। सूर्य उपासना से जुड़ा यह पर्व प्रकृति के सम्मान और लोककल्याण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करते हैं।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी दिया अस्त होते सूर्य को अर्घ्य

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। उन्होंने छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आस्था, श्रद्धा, त्याग और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है।

उन्होंने कहा कि छठ पूजा स्वच्छता, अनुशासन, आत्मसंयम, प्रकृति के सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश देती है। उन्होंने कामना की कि सूर्यदेव और छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे तथा उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।

नहाय-खाय से शुरू हुआ चार दिवसीय महापर्व

चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ हुई थी। दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने खरना का अनुष्ठान किया। दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा कर गुड़ से बनी खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प शुरू हुआ।

रविवार को मुख्य अर्घ्य की तैयारियों के तहत घरों में पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ बनाया गया। इसके साथ चावल के लड्डू, नारियल, केला, सेब, संतरा, गन्ना, सिंघाड़ा और अन्य मौसमी फलों को बांस के सूप और दउरा में सजाया गया।

शाम होते ही व्रती महिलाएं और पुरुष परिवार के सदस्यों के साथ पारंपरिक परिधानों में घाटों पर पहुंचे। जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।

देहरादून से हरिद्वार तक घाटों पर दिखी रौनक

देहरादून में प्रेमनगर, टपकेश्वर मंदिर, पटेलनगर सहित विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन हुए। वहीं हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भजनों की गूंज सुनाई देती रही। पूर्वांचल और बिहार मूल के परिवारों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की और सामूहिक रूप से पर्व की खुशियां साझा कीं।

सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन

छठ महापर्व का समापन सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ होगा। इसके लिए व्रती तड़के ही घाटों पर पहुंचेंगे। सूर्योदय के समय भगवान सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा की जाएगी। इसके बाद पारण के साथ करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन होगा।

इस तरह चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व सूर्य उपासना, पारिवारिक मंगलकामना और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने की परंपरा के साथ संपन्न होगा।

Tags: