देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। रविवार को प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की उपस्थिति में लगातार तीन बैठकें हुईं।

इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनाव के मद्देनजर संगठन की तैयारियों की समीक्षा करना और प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की पहुंच मजबूत करने की कार्ययोजना तैयार करना रहा। बैठक में दिसंबर महीने के सांगठनिक कार्यक्रमों, विधानसभा क्षेत्रवार राजनीतिक स्थिति और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

पिछले चुनावों से बड़ी जीत का लक्ष्य

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में पिछले दो चुनावों से भी बड़ी जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से कर रही है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की मौजूदगी में चुनाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर रणनीति बनाई गई है।

कांग्रेस की तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर राम माधव ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में अंदरूनी रण काफी चल रहा है। वहां शायद इसी रण को रोकने के लिए नीति बनाई जा रही होगी, जबकि भाजपा जनता का पहले से अधिक आशीर्वाद प्राप्त करने की योजना पर काम कर रही है।

23 विधानसभा सीटों पर विशेष रणनीति

प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बैठकों की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा चुनावी तैयारियों के लिहाज से पूरी तरह सक्रिय है। पार्टी का उद्देश्य आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाना और समाज के हर वर्ग तथा जाति तक अपनी पहुंच मजबूत करना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पार्टी की आउटरीच रणनीति के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र का अलग-अलग आकलन किया जाएगा। इसमें स्थानीय समस्याओं, जनता से जुड़े मुद्दों और उनके संभावित समाधानों का संकलन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी विधानसभा क्षेत्रवार विवरण तैयार होगा, ताकि प्रत्येक क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुरूप योजना बनाई जा सके।

दीप्ति रावत के अनुसार, प्रदेश की उन 23 विधानसभा सीटों की स्थिति पर भी विशेष चर्चा हुई, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सफलता नहीं मिली थी और वर्तमान में पार्टी के विधायक नहीं हैं। इन क्षेत्रों में संगठन की मौजूदा स्थिति, स्थानीय चुनौतियों और आगामी चुनाव के लिए जरूरी तैयारियों की समीक्षा की गई।

जल्द जारी होगा भाजपा का रिपोर्ट कार्ड

बैठक में पार्टी की ओर से तैयार किए जा रहे रिपोर्ट कार्ड को लेकर भी चर्चा हुई। दीप्ति रावत ने बताया कि भाजपा का रिपोर्ट कार्ड जल्द जारी किया जाएगा। इसके विमोचन की तारीख और कार्यक्रम भी शीघ्र निर्धारित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त प्रदेश में मीडिया सेंटर शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसका उद्देश्य पार्टी की गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी को व्यवस्थित तरीके से मीडिया तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि आगामी 21 और 22 नवंबर को प्रस्तावित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों पर भी विचार किया गया। इसी दौरान प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी आयोजित होगी। दोनों बैठकों के एजेंडे और महत्वपूर्ण विषयों पर प्रदेश मुख्यालय में चर्चा की गई।

तीन बैठकों में अलग-अलग विषयों पर मंथन

प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित तीन बैठकों का एजेंडा अलग-अलग रखा गया था। पहली बैठक प्रदेश महामंत्रियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ हुई। दूसरी बैठक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं टोली के साथ आयोजित की गई, जबकि तीसरी बैठक विमर्श टीम के साथ हुई।

इन बैठकों में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता सिद्धार्थ यादव, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल शामिल हुए।

इसके अलावा कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, ज्योति प्रसाद गैरोला, सुरेश भट्ट, बलराज पासी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान और मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

बैठकों के जरिए भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों, क्षेत्रवार रणनीति और जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी है। अब पार्टी की नजर आगामी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक और दिसंबर में होने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों पर रहेगी।

Tags: