देहरादून: उत्तराखंड में वर्ष 2027 के आम विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए फणींद्र नाथ शर्मा को प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया है। शर्मा की नियुक्ति के साथ ही समय से रिक्त चल रहे इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक पद पर नई जिम्मेदारी तय हो गई है।

भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग की ओर से गुरुवार को जारी पत्र में शर्मा की नियुक्ति की जानकारी दी गई। संगठन स्तर पर विभिन्न राज्यों में किए गए बदलावों के बीच उत्तराखंड में उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने शर्मा की नियुक्ति का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि शर्मा के संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और बूथ सशक्तीकरण की कार्यशैली का लाभ प्रदेश भाजपा को मिलेगा। उनके अनुभव से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के अभियान को गति मिलने की बात उन्होंने कही।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी फणींद्र नाथ शर्मा को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि शर्मा के लंबे संगठनात्मक अनुभव का लाभ उत्तराखंड भाजपा को मिलेगा तथा उनके अनुभव से संगठन को और सशक्त एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में प्रदेश महामंत्री (संगठन) की भूमिका प्रदेश से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय, कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क और पार्टी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन से जुड़ी होती है।

संघ से शुरू हुआ संगठनात्मक सफर:

फणींद्र नाथ शर्मा का जन्म असम के नलबाड़ी जिले में हुआ। बाल्यकाल से ही वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और विभिन्न स्थानों पर संघ प्रचारक के रूप में दायित्व निभाया। उन्होंने जोरहाट, शिवसागर, लखीमपुर और तेजपुर समेत असम के विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक कार्य किया। वह भाजपा गुवाहाटी के संगठन मंत्री, असम प्रदेश सह संगठन मंत्री और संगठन मंत्री के दायित्वों पर रहे। इसके बाद उन्हें हरियाणा भाजपा के संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

उत्तराखंड में संगठन महामंत्री का पद अजय कुमार के राजस्थान में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभालने के बाद रिक्त हुआ था। रिक्त चल रहे इस पद पर शर्मा की नियुक्ति से प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक संचालन के ल नया नेतृत्व मिला है।

नई टीम के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति:

शर्मा की नियुक्ति से एक दिन पहले भाजपा ने उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों में भी बदलाव किया था। पार्टी ने राम माधव को प्रदेश प्रभारी और बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को सह प्रभारी नियुक्त किया है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हुई इन नियुक्तियों के बाद पार्टी के संगठनात्मक स्तर पर तैयारियों को गति मिलने की संभावना है। शर्मा के सामने पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की अलग-अलग परिस्थितियों के बीच संगठन के विभिन्न स्तरों में समन्वय बनाए रखने और बूथ स्तर की गतिविधियों को सक्रिय रखने की एक बड़ी चुनौती है।

प्रदेश भाजपा में लंबे समय से रिक्त चल रहे संगठन महामंत्री के पद पर नियुक्ति के साथ अब पार्टी के सामने नई संगठनात्मक टीम के साथ आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करने का अवसर है।

Tags: