नैनीताल के छात्रों का कमाल, राष्ट्रीय बास्केटबॉल में दूसरा स्थान
राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में नैनीताल की टीम बनी उपविजेता
नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल स्थित पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार विद्यालय (पीपीजे) के विद्यार्थियों ने संस्कृत और खेल के क्षेत्र में दोहरी सफलता हासिल की है। विद्यालय की बास्केटबॉल टीम ने मंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उपविजेता का खिताब जीता, जबकि संस्कृत प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राज्यस्तर पर नैनीताल जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
मंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।
वहीं, उत्तराखंड संस्कृत संस्थान हरिद्वार की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता के लिए विद्यालय के विद्यार्थियों का चयन नैनीताल जनपद के प्रतिनिधित्व के लिए हुआ है।
सोमवार को विद्यालय के वंदना सत्र में दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश और शैक्षिक प्रभारी उमेश शर्मा ने विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के प्रबंधक श्याम अग्रवाल ने छात्रों, प्रशिक्षकों और संस्कृत आचार्यों को बधाई देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।