हरिद्वार में मोबाइल झपट्टामारी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
चोरी की बाइक से करते थे झपट्टामारी, दो आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में कनखल पुलिस ने महिलाओं से मोबाइल झपट्टामारी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीने गए दो मोबाइल फोन और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर को मंगलमूर्ति कॉलोनी और जमालपुर क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं के मोबाइल फोन छीन लिए थे। पीड़िताओं शालिनी और रेनू की शिकायत पर कनखल कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद 23 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर माया विहार स्थित आम के बाग के पास निर्माणाधीन सड़क के अंडरपास से दो संदिग्धों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सावेज और दानिश निवासी गाडोवाली, थाना पथरी के रूप में हुई है। तलाशी में मिले दोनों मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबरों का मिलान करने पर वे पीड़िताओं के निकले। वहीं, बरामद मोटरसाइकिल जगजीतपुर के वेलकम फार्म से चोरी की गई थी।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी झपट्टामारी, लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।