हल्द्वानी में बनेगा नया नगर निगम कॉम्प्लेक्स, व्यापारियों से चर्चा
व्यापारियों के हितों का रखा जाएगा ध्यान: महापौर गजराज बिष्ट
हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित मंगल पड़ाव में प्रस्तावित नगर निगम कॉम्प्लेक्स के निर्माण को लेकर नगर निगम ने व्यापारियों के साथ चर्चा शुरू कर दी है। सोमवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने व्यापारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्य और भविष्य की व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान महापौर ने व्यापारियों की समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स के निर्माण से लेकर भविष्य की व्यवस्थाओं तक व्यापारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर का विकास करना है, लेकिन इसके साथ स्थानीय व्यापारियों की रोजी-रोटी और सुविधाओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सहयोग और सुझावों के आधार पर बेहतर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। नगर निगम और व्यापारियों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी समस्याओं का सकारात्मक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में नगर आयुक्त आशिमा गोयल, नगर निगम के संबंधित अधिकारी और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।