उत्तराखंड में अल्पसंख्यक आयोग के सदस्यों ने उठाई मानदेय बढ़ाने की मांग
CM धामी से मिले आयोग अध्यक्ष बलजीत सोनी, सदस्यों के मानदेय पर हुई चर्चा
देहरादून: उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के नामित सदस्यों का मासिक मानदेय 6 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया जा सकता है। इस मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान मानदेय वृद्धि सहित आयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि आयोग के सदस्य जनसुनवाई, क्षेत्रीय भ्रमण और बैठकों के जरिए अल्पसंख्यक समुदायों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करते हैं।
सोनी ने उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग और उत्तराखंड के अन्य आयोगों में सदस्यों को दिए जा रहे 25 हजार रुपये मासिक मानदेय का उदाहरण देते हुए समान राशि देने की मांग रखी। इस संबंध में 16 नवंबर को मुख्यमंत्री को पत्र भी भेजा गया था। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए उचित निर्णय का भरोसा दिया है।