भारत-नेपाल के साझा प्रयासों से मजबूत होगा पर्यावरण संरक्षण: धामी
जीईपी से विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाने में मिलेगी मदद: धामी
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में आयोजित 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 का समापन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं को आगे बढ़ाते समय प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाना समय की बड़ी जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल डॉ. जोशी और सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लगातार 47 दिनों तक साइकिल यात्रा करना प्रकृति के प्रति समर्पण और मजबूत इच्छाशक्ति का उदाहरण है। यह अभियान केवल हजारों किलोमीटर की दूरी तय करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया गया।
धामी ने भारत और नेपाल के बीच पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों की प्राकृतिक और भौगोलिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या साझा सांस्कृतिक विरासत तथा पारिवारिक संबंधों के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए दोनों देशों को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के संदेश 'प्रकृति ही प्रभु है' को भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना बताया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की सुरक्षा से भी संबंधित है। प्राकृतिक संतुलन बना रहेगा, तभी मानव जीवन सुरक्षित रह सकेगा।
उन्होंने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (जीईपी) की अवधारणा को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता का आकलन विकास की योजनाओं में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में मददगार हो सकता है। उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों और जैव विविधता से है। इसलिए राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को अपनी विकास प्राथमिकताओं में शामिल कर रही है।
धामी ने पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नौले-धारे, चाल-खाल और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों को बचाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। इस अभियान में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
इस अवसर पर डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि दो अक्टूबर को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुए इस अभियान के दौरान 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई। यात्रा नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक जिलों और 150 से ज्यादा गांवों से होकर गुजरी। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन का संदेश देना था।
विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन का पोस्टर जारी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने 28 से 30 नवंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का विमोचन भी किया।
यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन की थीम 'सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक' रखी गई है।
सम्मेलन में आपदा जोखिम का पूर्वानुमान लगाने, आपदा प्रबंधन की तैयारियों, नई तकनीकों और आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य विशेषज्ञों और संबंधित संस्थानों के बीच अनुभव, ज्ञान और नवाचारों का आदान-प्रदान करना है।