देहरादून के 28 किसान आधुनिक खेती का प्रशिक्षण लेने पंतनगर रवाना
पॉली हाउस से बढ़ेगी किसानों की आमदनी, आधुनिक खेती को सरकार का प्रोत्साहन
देहरादून: उत्तराखंड में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय से देहरादून जनपद के 28 किसानों के दल को गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए रवाना किया। यहां किसानों को संरक्षित खेती और पॉली हाउस तकनीक से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि बदलते समय में खेती को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाना जरूरी है। संरक्षित खेती ऐसी तकनीक है, जिसके माध्यम से किसान सीमित भूमि और नियंत्रित वातावरण में भी बेहतर गुणवत्ता वाली फसलों का उत्पादन कर सकते हैं। इससे मौसम में होने वाले बदलावों का फसलों पर पड़ने वाला प्रभाव कम किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में संरक्षित खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों के खेतों में बड़े स्तर पर पॉली हाउस बनवा रही है। इसके जरिए किसानों को बेमौसमी सब्जियों, फूलों और अधिक मूल्य वाली फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि किसान पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक विकल्प अपनाकर अपनी आमदनी में बढ़ोतरी कर सकें।
कृषि मंत्री ने कहा कि पॉली हाउस निर्माण के लिए सरकार की ओर से आकर्षक सब्सिडी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसका उद्देश्य छोटे किसानों और युवाओं को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि वे खेती को स्वरोजगार और आर्थिक मजबूती का माध्यम बना सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए किसानों को प्रशिक्षण, तकनीकी जानकारी और प्रोत्साहन उपलब्ध करा रही है। पंतनगर विश्वविद्यालय में होने वाले प्रशिक्षण से किसान संरक्षित खेती की आधुनिक विधियों को समझ सकेंगे और इन तकनीकों का इस्तेमाल अपने खेतों में कर पाएंगे।
जोशी ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद किसान अपनी जानकारी और अनुभव दूसरे किसानों के साथ भी साझा करेंगे। इससे प्रदेश में वैज्ञानिक और आधुनिक खेती को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी डॉ. डीके तिवारी सहित अन्य अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।