हरिद्वार: हरिद्वार में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए सिडकुल पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उन्हें सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को सिडकुल पुलिस की टीम किरबी चौक पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रोशनाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर दोनों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन अचानक टायर फिसलने से मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।

पुलिस ने पकड़ी गई मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की तो उसके चोरी का होने का पता चला। इस संबंध में सिडकुल थाने में पहले से मुकदमा दर्ज था। इसके बाद दोनों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में भी शामिल होने की बात स्वीकार की।

आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने पॉलिटेक्निक कॉलेज से आगे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई पांच अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस तरह पुलिस ने कुल छह चोरी की बाइक अपने कब्जे में लीं।

जांच में पता चला कि दोनों आरोपित मिलकर अलग-अलग इलाकों में वाहन चोरी करते थे। उनके द्वारा सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। बरामद वाहनों से संबंधित मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपितों का चालान कर दिया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सागर पुत्र धीरज पाल निवासी काला गेट, ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, थाना सिडकुल, हरिद्वार और कार्तिक पुत्र संजय सिंह निवासी हरचंदपुर, थाना नागल सोती, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गली नंबर एक, रामधाम कॉलोनी, अंबेडकर चौक, थाना सिडकुल, हरिद्वार के रूप में हुई है।

Tags: