जौनसारी-गढ़वाली गीतों ने बांधा समां, चंबा महोत्सव की सांस्कृतिक शाम रही यादगार
लोकगीतों की जुगलबंदी से गूंजा बंगाचली मैदान, चंबा मेले में उमड़ा उत्साह
नई टिहरी: चंबा महोत्सव एवं पर्यटन विकास मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या जौनसारी और गढ़वाली लोकगीतों के नाम रही। बादशाहीथौल के बंगाचली मैदान में आयोजित कार्यक्रम में लोक गायिका रेशमा शाह और गायक विवेक नौटियाल ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
रेशमा शाह ने 'ले भूजी जाला लै च्यूड़ा', 'पाणी का धार' और 'महासू देवता' जैसे गीत सुनाए, वहीं विवेक नौटियाल ने 'रम झमा' और 'दियु लाग्यो' जैसे गीतों से समां बांधा। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक जमकर थिरके।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत और मेला अध्यक्ष सुशील रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान वक्ताओं ने लोक संस्कृति के संरक्षण में मेलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।