ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर साइबर जाल, महिला को 10 लाख रुपये का लगाया चूना
कुर्ती का ऑर्डर बना ठगी का जरिया, व्हाट्सएप पर फंसाकर महिला से ऐंठे लाखों
नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर महिला से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। चंबा के बुरांसबाड़ी वार्ड निवासी महिला को 500 रुपये की कुर्ती का ऑर्डर देने के बाद व्हाट्सएप पर ठगों ने संपर्क किया। ऑर्डर फंसने का बहाना बनाकर पहले एक हजार रुपये मांगे गए, फिर निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ठगों ने भरोसा जीतने के लिए महिला के खाते में 10 हजार रुपये भी भेजे। इसके बाद महिला से लाखों रुपये ट्रांसफर कराए गए। शिकायत के आधार पर टिहरी पुलिस ने राजस्थान के जयपुर स्थित बरवा वस्सी से आरोपी गुलशन मीणा को गिरफ्तार किया है। एसएसपी सरिता डोबाल के मुताबिक, आरोपी ही महिला से व्हाट्सएप पर बातचीत कर रहा था। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।