देहरादून में इगास की धूम, शहीद स्मारक पर जगमगाए दीप
उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंग में रंगा शहीद स्मारक
देहरादून: उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं की अनूठी झलक शुक्रवार को देहरादून के शहीद स्मारक पर देखने को मिली। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच ने पारंपरिक उत्साह के साथ इगास (बग्वाल) पर्व मनाया। दीपों की रोशनी, मंगलगान, चोफला नृत्य और जलते भेलों ने उत्सव को खास बना दिया।
कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री अशोक वर्मा, बार काउंसिल अध्यक्ष राजबीर बिष्ट और मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी शामिल हुए। महिलाओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पारंपरिक व्यंजनों का भोग लगाया गया और सूर्यास्त के बाद चीड़ की लकड़ियों से बने भेलों को जलाकर पर्व मनाया गया।
राज्य आंदोलनकारियों ने कहा कि पिछले करीब 17 वर्षों से मंच उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने नई पीढ़ी को पारंपरिक त्योहारों से जोड़ने के साथ पहाड़ों में खेती-किसानी को फिर से बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने स्थानीय अनाज का उत्पादन बढ़ाने और राज्य आंदोलन के इतिहास को व्यापक पहचान दिलाने की जरूरत बताई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को पकौड़ी और मिष्ठान का प्रसाद वितरित किया गया।