Gopeshwar: ब्रह्मसैण में भूस्खलन से हालात बिगड़े, विधायक बुटोला ने किया निरीक्षण
ब्रह्मसैण में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का विधायक ने किया स्थलीय निरीक्षण
गोपेश्वर: चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के समीपवर्ती पालिका क्षेत्र ब्रह्मसैण में भूस्खलन के कारण गोपेश्वर-घिंघराण मोटर मार्ग के बाधित होने के कारण घाटी के कई गांवों का संपर्क कटने के चलते बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने सोमवार को प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कार्य की धीमी गति और गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को अतिरिक्त श्रमिक और जरूरत के अनुसार अन्य ठेकेदार लगाकर युद्धस्तर पर कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि बाधित संपर्क मार्ग को जल्द सुचारु किया जा सके।
विधायक ने भूस्खलन क्षेत्र में पानी की उचित निकासी नहीं होने पर भी चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को पानी को व्यवस्थित तरीके से नालियों के माध्यम से गदेरों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि अनियंत्रित जल बहाव से भूस्खलन की स्थिति और गंभीर न हो। उन्होंने कहा कि मार्ग को जल्द बहाल करने के साथ निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
ग्रामीणों की आवागमन संबंधी समस्या का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी, उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, नगर अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह गरोड़िया, जिला सचिव योगेंद्र बिष्ट, मुकुल बिष्ट, जिला सोशल मीडिया प्रभारी डॉ. विजय हिंदवाल, महिला जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पुरोहित, जिला पंचायत सदस्य जयप्रकाश पंवार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता, उपजिलाधिकारी चमोली, नगर पालिका की टीम आदि मौजूद रहे।