श्रावण में लाखामंडल शिव मंदिर आने का Dhami ने दिया न्योता

Update: 2026-08-05 14:04 GMT

Dehradun, देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रावण मास के अवसर पर श्रद्धालुओं से देहरादून जिले के प्रसिद्ध लाखामंडल स्थित प्राचीन शिव मंदिर के दर्शन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि अपनी ऐतिहासिक विरासत, प्राचीन मान्यताओं और अद्वितीय वास्तुकला के कारण भी विशेष पहचान रखता है।

मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा संदेश में कहा कि देहरादून जनपद के लाखामंडल में स्थित प्राचीन शिव मंदिर हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऊंचे पहाड़ों और मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य के बीच स्थित यह मंदिर अपनी प्राचीन स्थापत्य कला और आध्यात्मिक महत्व के लिए देशभर में प्रसिद्ध है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार प्राचीन काल में इस पवित्र स्थल पर अनेक शिवलिंगों की स्थापना की गई थी, जिसके कारण लाखामंडल का विशेष धार्मिक महत्व है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष समय माना जाता है। इस पावन अवसर पर देवभूमि उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं से उन्होंने लाखामंडल शिव मंदिर के दर्शन करने का आग्रह किया। उनके अनुसार यहां का आध्यात्मिक वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण तथा उनके विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देकर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का भी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु लाखामंडल पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।


Tags:    

Similar News