Dehradun देहरादून: राजधानी के भाऊवाला क्षेत्र में मंगलवार को सनसनीखेज वारदात हुई। बदमाशों ने पहले युवक को किसी बहाने से बुलाया और फिर उसे गोली मार दी। गोली लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान की जा रही है और हत्यारों की तलाश की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक एक लड़की को लेकर रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। सेलाकुई क्षेत्र निवासी रोहित नेगी इलाके में ही प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था।
उसे सोमवार रात करीब ढाई बजे अजहर मलिक ने डीबीआईटी चौक पर बुलाया। नेगी अपनी कार से वहां पहुंचा। वहां पहले से ही मोटरसाइकिल पर अजहर मौजूद था। उसने ड्राइवर सीट पर बैठे रोहित नेगी की गर्दन पर पिस्टल रखकर गोली चला दी। रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रोहित नेगी के दोस्त के साथ मुस्लिम समुदाय की एक लड़की रहती थी। यह बात अजहर को पसंद नहीं थी। इसी बात को लेकर रोहित नेगी और अजहर के बीच रंजिश शुरू हो गई। एसपी सिटी प्रमोद शाह ने बताया कि चौराहे की सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है। शूटरों की तलाश के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। अजहर मलिक मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला है।