देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य की डबल इंजन सरकार प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार के प्रयास अब धरातल पर प्रभावी परिणाम देने लगे हैं और इसी क्रम में राज्य में 13 हेलीपोर्टों का निर्माण तेज गति से चल रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि हेलीपोर्टों के निर्माण से उत्तराखंड के दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों की हवाई पहुंच पहले से अधिक सुदृढ़ होगी। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर और तेज परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, जहां प्राकृतिक आपदाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में नए हेलीपोर्ट तैयार होने से आपदा और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को नई गति मिलेगी। हेलीकॉप्टरों के माध्यम से राहत सामग्री, चिकित्सा सहायता और बचाव दलों को प्रभावित क्षेत्रों तक शीघ्र पहुंचाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हवाई संपर्क के विस्तार का लाभ केवल परिवहन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी इससे व्यापक मजबूती मिलेगी। चारधाम यात्रा, धार्मिक पर्यटन और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से लैस करने के लिए प्रतिबद्ध है और हवाई संपर्क के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 13 हेलीपोर्टों का निर्माण पूरा होने के बाद प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी और आम लोगों को बेहतर सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।


Tags: