Chamoli चमोली: सलूड़-डुंगरा गांव में घास लेने खेतों में जा रही दो महिलाओं पर भालू ने हमला कर दिया। भालू ने एक महिला को खेतों में 20 मीटर नीचे धकेल दिया, जबकि दूसरी महिला खून से लथपथ हो गई। महिलाओं के चीखने-चिल्लाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। महिलाएं किसी तरह एक किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंचीं। यहां से परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। ज्योतिर्मठ ब्लॉक के सलूड़-डुंगरा गांव की भगवती देवी (57) पत्नी भरत सिंह और बूंदा देवी (40) पत्नी दिगंबर सिंह पंवार बुधवार सुबह करीब 10 बजे गांव से एक किलोमीटर दूर खेतों में घास लेने जा रही थीं। रास्ते में कुराला तोक के पास घात लगाए बैठे भालू ने भगवती देवी पर पीछे से हमला कर दिया। उनके चीखने-चिल्लाने पर भालू ने उन्हें धक्का देकर खेतों में करीब 20 मीटर नीचे धकेल दिया।
इसके बाद भालू बूंदा देवी की ओर दौड़ा। बूंदा देवी के जोर से चीखने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। तभी खून से लथपथ बूंदा देवी खेत में भगवती देवी के पास पहुंची और फिर किसी तरह वे गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी। भगवती देवी के पैर और कमर पर भालू के नाखूनों के गहरे निशान हैं। बूंदा देवी के सिर, हाथ और पैरों पर भी निशान थे। इसके बाद परिजन उन्हें सीएचसी ज्योतिर्मठ ले आए।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बूंदा देवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग धानिक ने बताया कि भगवती देवी को छुट्टी दे दी गई है। ग्रामीण सुभाष सिंह और दिगंबर सिंह ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने और क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ाने की मांग की।