प्रेमनगर तिराहे के पास हादसा, गन्नों के नीचे पूरी तरह दबी कार
हरिद्वार में खड़ी कारों पर पलटा ट्रक, मौके से चालक फरार
हरिद्वार: कनखल क्षेत्र में नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर देर रात गन्ने से लदा एक ओवरलोड ट्रक पलटने से सड़क किनारे खड़ी दो कारें दब गईं। हरियाणा नंबर की कार गन्नों के ढेर में पूरी तरह ढक गई, जबकि उत्तराखंड नंबर की दूसरी कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे आ गया। हादसे के समय दोनों कारें खाली थीं। पुलिस के अनुसार, किसी की जान नहीं गई है।
हादसा प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने हुआ। जानकारी के मुताबिक, सर्विस रोड से गुजर रहे ट्रक पर चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पलट गया। ट्रक के साथ उसमें लदे गन्ने भी पास खड़ी कारों पर गिर गए।
बताया गया कि हरियाणा नंबर की कार से एक परिवार रिश्तेदारी में हरिद्वार आया था। परिवार के सदस्य कार खड़ी कर कहीं गए हुए थे। गन्ने गिरने के बाद कार दिखाई देना भी मुश्किल हो गया।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत कार्य शुरू किया। ट्रक से गन्ने हटवाने और वाहन हटाने के बाद दोनों कारों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सर्विस रोड पर यातायात बहाल कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चालक नशे में था और हादसे के बाद फरार हो गया। उसके नशे में होने के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। लोगों ने पेराई सत्र के दौरान क्षमता से अधिक गन्ना लादकर चलने वाले वाहनों पर नियमित कार्रवाई की मांग भी की।
एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि ट्रक खाली कराकर हटवा दिया गया है। दोनों कारों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। चालक मौके से फरार है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।