UP Weather : उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कहीं घना कोहरा तो कहीं बारिश देखने को मिलेगी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसे लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। बदलते मौसम के कारण अगले 48 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार 28 जनवरी को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पूर्वी यूपी में कोहरे के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 29 जनवरी को भी दोनों हिस्सों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट रहेगा।हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बाराबंकी, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, प्रयागराज, ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, कानपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, इटावा, औरैया, कन्नौज, मैनपुरी, एटा और फर्रुखाबाद में 100 से 500 मीटर तक की दृश्यता वाला घना कोहरा छाया रहेगा।सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलने की संभावना है।लखनऊ: बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अगले 24 घंटे बाद हल्का कोहरा भी दिख सकता है। आज न्यूनतम तापमान करीब 11°C और अधिकतम 20°C रहने की संभावना है, जिसमें आगे गिरावट आ सकती है।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, 30 जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके असर से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।