UP News: सौरिख थाना क्षेत्र के कंकरकुई गांव के रहने वाले शिवपाल के 26 साल के बेटे श्याम सुंदर गुरुवार सुबह मशीन से कंक्रीट डालने के लिए घर से निकले थे। वह रात को घर नहीं लौटे। सुबह उनके परिवार को बताया गया कि श्याम सुंदर की खून से लथपथ लाश मधुपुरी गांव में कन्हैयालाल के दरवाजे पर पड़ी है। पास में खून से सनी एक ईंट भी मिली। ईंट से सिर और चेहरा कुचलकर उनकी हत्या की गई थी।
सूचना मिलने पर एसपी विनोद कुमार, तिर्वा एसडीएम राजेश कुमार, छिबरामऊ सीओ सुरेश कुमार मलिक, सौरिख थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार, इंदरगढ़ थाना प्रभारी नीलम सिंह और सकरावा थाना प्रभारी विनय शर्मा मौके पर पहुंचे। पिता ने मधुपुरी गांव के उदयवीर पर हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। परिवार वालों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस को शव उठाने से मना कर दिया। एसडीएम और सीओ ने पिता को समझाया।
हत्या की वजह अभी पता नहीं चली है। फॉरेंसिक टीम क्राइम सीन पर पहुंची और सबूत इकट्ठा किए। बताया गया कि श्याम सुंदर मधुपुरी गांव के उदयवीर के लिए ट्रैक्टर चलाता था। एसपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर नामजद FIR दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। मामले को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।