Up News: सहारनपुर जिले के सरसावा थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को कथित तौर पर करंट लगने से एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अधीक्षण अभियंता (एसई) और उपखंड अधिकारी (एसडीओ) को बंधक बना लिया और बाद में समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया।पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि कुड़ी गांव में राजेंद्र का बेटा निशु राणा (16) अपने दोस्तों के साथ किसान कंवरपाल के खेत पर लगे ट्यूबवेल में नहाने गया था और नहाने के बाद जब वह कपड़े पहन रहा था, तो वह लटकते बिजली के तार के संपर्क में आ गया।

उन्होंने बताया कि निशु बुरी तरह झुलस गया और गंभीर हालत में उसे पिलखनी स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को बंधक बनाया, कार्रवाई की मांग की जैन ने बताया कि इस घटना से गुस्साए निशु के परिजनों समेत कई ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर अधीक्षण अभियंता (एसई) और एसडीओ को बिजली घर में बंधक बना लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराया। निशु के परिजनों ने कहा कि उन्हें कोई मुआवजा नहीं चाहिए, लेकिन विभाग के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जिनकी लापरवाही से यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Tags: