UP News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर जिले के सूरजपुर थाना क्षेत्र में अपनी सहेली के साथ 'लिव इन रिलेशनशिप' में रह रही छात्रा के आत्महत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी युवक को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में पीड़िता के मामा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है|उन्होंने बताया कि दो दिसंबर को पीड़िता ने सूरजपुर स्थित अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया|
सूरजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा बलिया की रहने वाली थी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) नोएडा में बीबीए की पढ़ाई कर रही थी. अंजलि और आरोपी युवक सतीश सूरजपुर में रहते थे. उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सतीश एक कंपनी में काम करता है. घटना के बाद से आरोपी युवक फरार था, जिसे आज गिरफ्तार कर लिया गया. अधिकारी ने बताया कि मंगलवार रात दुर्गा दत्त सिंह ने सूरजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी 18 वर्षीय भतीजी अंजलि सिंह को उसके साथ 'लिव-इन रिलेशनशिप' में रह रहे उसके साथी सतीश उर्फ ​​संतोष द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली।
रिपोर्ट के मुताबिक सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि एक दिन अंजलि ने अपनी मां और बहन को फोन करके बताया कि सतीश अब उससे शादी नहीं करना चाहता। उन्होंने आरोप लगाया कि सतीश द्वारा शादी से इनकार करने से क्षुब्ध अंजलि ने दो दिसंबर को सूरजपुर कस्बे में अपने घर में पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (किसी को आत्महत्या के लिए उकसाना, मजबूर करना) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी युवक को बुधवार को सूरजपुर थाना क्षेत्र में कलेक्ट्रेट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
Tags: