UP News: बरेली पुलिस ने नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गुप्त स्मैक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रेलवे रोड नंबर 5 स्थित एक खंडहर में चल रही इस फैक्ट्री से पुलिस ने 3.526 किलो तैयार स्मैक, भारी मात्रा में केमिकल और उपकरण, 1.46 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और वाहन बरामद किए हैं। मौके से इस अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। बरामद माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में मुख्य तस्कर अकरम ने कबूल किया कि वह पहले भी स्मैक तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। वह मणिपुर से कच्चा माल (मॉर्फिन) मंगवाता था और उसे तैयार करने के बाद आसिफ, भूरा, आरिफ, साजन जैसे साथियों के जरिए जिलों में सप्लाई करता था। गिरोह के सदस्य मोबाइल फोन के जरिए संपर्क में रहते थे और खंडहर को अस्थायी फैक्ट्री के तौर पर इस्तेमाल करते थे। एसएसपी अनुराग आर्य ने टीम को प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की है तथा फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।