UP News: पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को किया गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद
UP News: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आज पुलिस और दुष्कर्म के आरोपी के बीच मुठभेड़ देखने को मिली. इस मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया है. पुलिस विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक मदेयगंज थाने की टीम पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास में थी. ऐसे में 27 और 28 मई को मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम रघुवंशी ढाल के पास एकत्रित थी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस चेकिंग कर रही थी. चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति ने बंधा ढाल पर बाइक नीचे की तरफ मोड़ दी और भागने लगा. इस दौरान जब पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से अवैध असलहे से फायरिंग कर दी|
पुलिस ने आत्मरक्षा में और अपना कर्तव्य निभाते हुए फायरिंग की और मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया. आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है. आपको बता दें कि आरोपी का नाम कमल किशोर उर्फ भद्दर है जो सीतापुर जिले के कमियापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी के पास से 1 तमंचा, 1 जिंदा कारतूस, 1 खाली कारतूस और एक छूटा हुआ कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी की बाइक भी बरामद की है।
बता दें कि कुछ दिन पहले यूपी के गाजियाबाद में भी मसूरी पुलिस की एक वांछित अपराधी के साथ ऐसी ही मुठभेड़ देखने को मिली थी। पुलिस की गोली लगने से अपराधी अब्दुल रहमान घायल हो गया है। बताया जाता है कि मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में कांस्टेबल सौरभ की हत्या में रहमान शामिल था। मुठभेड़ में घायल अपराधी अब्दुल रहमान मसूरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। जानकारी के मुताबिक अपराधी पर एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। अपराधी के कब्जे से अवैध हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर अपराधी भाग रहा था। मसूरी पुलिस की दबिश देने गई टीम पर फायरिंग के मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।