UP News: ओवरब्रिज पर फोटो-वीडियो और सेल्फी पर पाबंदी, प्रशासन ने जारी किया आदेश
UP News: देवरिया शहर के गोरखपुर रोड स्थित ओवरब्रिज के पास आयोजित मेले के मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से वीडियो बनाने, फोटो और सेल्फी लेने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। यह मेला चीनी मिल के मैदान में आयोजित किया गया है, और लोगों के ओवरब्रिज पर रुककर मेले की फोटो और वीडियो बनाने की प्रवृत्ति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
पुलिस प्रशासन ने यह निर्णय खासकर संभावित दुर्घटनाओं से बचने के लिए लिया है। इसके तहत ओवरब्रिज के एक किनारे ग्रीन बैरिकेड लगाकर लोगों को पुल के नीचे झांकने और खड़े होकर फोटो लेने से रोका गया है। गोरखपुर रोड स्थित यह ओवरब्रिज पहले भी हादसों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है।
19 दिसंबर को दैनिक जागरण ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसमें “ओवरब्रिज के बगल में मेला, हादसे की आशंका” शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई। इसे संज्ञान में लेते हुए एसपी के निर्देश पर ग्रीन बैरिकेड लगाए गए हैं। इसके साथ ही पुल पर बोर्ड लगाकर स्पष्ट संदेश दिया गया कि ओवरब्रिज पर खड़े होकर फोटो खींचना, वीडियो बनाना और सेल्फी लेना दंडनीय अपराध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।