UP News: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि घटना गोविंद नगर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर उस समय हुई जब एक व्यक्ति कच्ची सड़क क्षेत्र में टीले पर बने निजी बहुमंजिला मकान को जेसीबी से समतल करवा रहा था और उसी समय अन्य मकानों के नीचे की मिट्टी भी धंसने से टीले का एक बड़ा हिस्सा ढह गया, जिसमें करीब आधा दर्जन मकानों में रह रहे लोग मलबे में दब गए|
यह घटना उस समय हुई जब पुराने शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में टीले पर बना एक मकान अचानक ढह गया. अनुमान है कि इमारत के ढहने से आसपास के 5 से 6 मकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है. एसएसपी श्लोक कुमार ने पुष्टि की थी कि मलबे से एक व्यक्ति को निकालकर अस्पताल ले जाया गया है. एसएसपी ने बताया कि बचाए गए व्यक्ति को निगरानी में रखा गया है और उसकी हालत स्थिर है. उन्होंने बताया कि बचाव अभियान जारी है. अग्निशमन सेवा, नगर निगम, नागरिक सुरक्षा और पुलिस की टीमें फिलहाल मौके पर हैं|
रविवार को मथुरा जिले के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के कच्ची सड़क इलाके में टीले पर बनी बहुमंजिला इमारत ढह गई, जिसमें 2 लड़कियों समेत 3 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक अब तक मलबे से बचाए गए 3 लोगों- तोताराम (38) और 2 बहनों यशोदा (6) और काव्या (3) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है|