UP News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। खपुरा गांव में हर्ष फायरिंग के दौरान एक महिला को गोली लग गई। महिला को सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने हर्ष फायरिंग के आरोपी अन्नू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, घटना के बाद शादी वाले घर में मातमी सन्नाटा पसरा है। गुरुवार देर रात कोतवाली क्षेत्र के पीरकपुर खपुरा गांव में बराती लाल की बेटी की शादी थी।
बारात थाना हरगांव क्षेत्र के गांव बेनियापुर से आई थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं। रस्मों के बीच लखनऊ निवासी अन्नू यादव ने हर्ष फायरिंग कर दी। इस दौरान अचानक थाना तंबौर के गांव इच्छा निवासी मुन्नालाल (50 वर्ष) की पत्नी जानकी देवी को गोली लग गई। गोली लगते ही वह लहूलुहान हालत में गिर गईं। घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल युवती को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। सन्नाटा छा गया। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी युवक अन्नू यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
Tags: