UP News : पिपरा चौराहे के पास नेपाल के काठमांडू से आ रही बस को बाइक सवार ने ओवरटेक किया। इसी बीच बस थोड़ी तेज चल दी तो बाइक सवार बदमाश भड़क गए। उन्होंने पिपरा चौराहे के पास बस को रोक लिया और चालक से झगड़ा करने लगे। गुस्साए बदमाशों ने बस का शीशा तोड़ दिया और यात्रियों से मारपीट की। जानकारी के मुताबिक टूरिस्ट बस सिंधुरिया से यात्रियों को लेकर काठमांडू गई थी। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु घर जा रहे थे। बरगदवां थाना क्षेत्र के पिपरा चौराहे पर बस को ओवरटेक करते समय बाइक सवार तीन युवक भड़क गए। उन्होंने बस को रोककर गाली-गलौज करते हुए चालक व यात्रियों से मारपीट कर दी। आरोप है कि उन्होंने बस पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ता देख बस चालक बस को ठूठीबारी की ओर ले जाने लगा।
यात्री विजय साहनी निवासी मोतीपुर, थाना सिंदुरिया, भूपेंद्र निवासी हरिहरपुर, विक्रम, पप्पू दिलीप, जगरनाथ, सावित्री, पूनम ने बताया कि पिपरा चौराहे की तरफ से बाइक सवार तीन युवकों ने फोन से ठूठीबारी क्षेत्र के अपने दोस्तों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद झरही पुल पर दर्जनों लोग लोहे की राड, सरिया, लाठी, डंडा लेकर खड़े थे। बरगदवां की तरफ से बस को आते देखा तो बस रोककर उसके शीशे तोड़ने लगे। यात्रियों ने विरोध किया तो उन्हें मारने पीटने लगे, जिससे कई यात्री घायल हो गए। बस में कुल 70 यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिसमें 12 से अधिक लोगों को मामूली चोटें आई हैं। ठूठीबारी थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह के मुताबिक ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ था। बदमाशों की तलाश की जा रही है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। बदमाशों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags: