Up News: प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अधेड़ का शव हरदोई से शाहजहांपुर आया था। आरपीएफ और जीआरपी ने शव को नीचे उतारा। प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस मंगलवार सुबह आठ बजे शाहजहांपुर आ रही थी। ट्रेन के गार्ड की बोगी के बगल वाली जनरल कोच की सीट पर एक अधेड़ लेटा हुआ था। हरदोई रेलवे स्टेशन पर कुछ लोग कोच में चढ़े और उससे उठकर बैठने को कहा, लेकिन उसने कुछ नहीं कहा और उनके चेहरे को देखने के बाद आंख बंद करके लेट गया।
हरदोई से ट्रेन छूटने के बाद यात्रियों ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठा और न ही हिल रहा था। यात्रियों को लगा कि वह मर गया है। लोगों ने अगले स्टेशन पर गार्ड को सूचना दी कि सीट पर एक यात्री की मौत हो गई है।
उसके सामने बैठे लोग उठकर दूसरी सीट पर चले गए। गार्ड ने कंट्रोल को सूचना दी कि यात्रा के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई है। कंट्रोल ने आरपीएफ और जीआरपी को मेमो दिया। ट्रेन करीब साढ़े नौ बजे प्लेटफार्म पर पहुंची। आरपीएफ और गार्ड ने उसे मृत अवस्था में कोच से नीचे उतारा। जीआरपी थाना प्रभारी रेहान अली ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 68 वर्ष होगी।अज्ञात शव की पहचान नहीं हो सकी।