UP News: महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है. प्रयागराज महाकुंभ से संगम स्नान कर कार से लौट रहे 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है. हादसे में 5 लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह हादसा प्रयागराज-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतापगढ़ जिले के राजगढ़ गांव के पास मंगलवार रात करीब 4 बजे हुआ. एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर में जा घुसी. हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. ये श्रद्धालु झारखंड और बिहार के बताए जा रहे हैं. हादसे में तीन अन्य श्रद्धालु भी घायल हुए हैं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है|
ये लोग प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जा रहे थे. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. स्थानीय लोगों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी, यही वजह रही कि टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह फंस गया. तेज आवाज और चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। टक्कर से मकान की दीवार भी टूट गई। पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने पहले कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन कार इतनी क्षतिग्रस्त हो गई थी कि लोग बाहर नहीं निकल सके।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से मरने वालों में दो बिहार और दो झारखंड के थे। मृतकों में बिहार के मडोरा निवासी राजू सिंह (25), छपरा निवासी अभिषेक कुमार (24), झारखंड के रायपुर निवासी सौरभ (26) और कार चालक अभिषेक ओझा (30) शामिल हैं। घायलों में बिहार के छपरा निवासी रोहित कुमार सिंह (24), रायगढ़ निवासी आकाश (35) और भागलपुर निवासी रूपेश शामिल हैं। जिस घर में कार घुसी, उसमें सो रहे पति-पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।