Up News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में तेंदुए के हमलों का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार की सुबह सुजौली रेंज स्थित रमपुरवा ग्राम पंचायत में घर के बरामदे में सो रहे वृद्ध पर तेंदुए ने हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर परिवार के लोग जाग गए और शोर मचाया, जिससे तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया, जिससे वृद्ध की जान बच गई। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पांच दिन पहले भी चहलवा गांव में खेत में काम कर रहे रामू नामक ग्रामीण पर तेंदुए ने हमला कर दिया था। वहां मौजूद ग्रामीणों के शोर मचाने पर उसकी जान बच गई थी।
सोमवार की सुबह रामपुर बनकटी गांव में घर में सो रहे बलदेव सिंह (70) पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर परिवार के लोग जाग गए और शोर मचाया, जिससे तेंदुआ उन्हें छोड़कर जंगल में भाग गया। हमले में वृद्ध के हाथ में चोट आई है। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है और तेंदुए को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
Tags: