UP News: फर्रुखाबाद जिले में घर में रखे कूलर के खुले हिस्से से वाटर गन भरते समय दो मासूम बच्चे करंट की चपेट में आ गए। इससे दोनों कूलर की टंकी में गिर गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद पहुंचे परिजनों ने देखा तो चीख-पुकार मच गई। मऊदरवाजा थाने के मोहल्ला सर्वोदय नगर बजरिया निवासी नमो चतुर्वेदी की बेटी गुनगुन (7) और बेटा युवराज (4) सोमवार शाम वाटर गन से खेल रहे थे। दोनों बच्चे घर में रखे कूलर के पास पहुंच गए। उसका पिछला हिस्सा खुला देखा तो टंकी से वाटर गन में पानी भरने लगे। दोनों कूलर की टंकी में मृत पड़े थे। बताया जाता है कि कूलर में करंट आने से वह कूलर की टंकी में गिर गए।
कुछ देर तक परिजनों को बच्चे नहीं दिखे तो उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर वह देखने गए। दोनों बच्चों को कूलर की टंकी में मृत देख चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बच्चों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस घर पहुंची और जानकारी जुटाई। परिजन दहाड़े मारकर रो रहे थे। देर रात तक शव घर पर ही रखे रहे। एसएचओ बलराज भाटी ने बताया कि परिजनों ने अभी कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। घटना की जांच की जा रही है।
Tags: