UP News: यूपी के चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में एक एसयूवी के ट्रक से टकराने से एक महिला और सात साल की बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजीव कुमार सिसोदिया ने घटना की पुष्टि की। सभी मृतक और घायल एसयूवी में सवार थे। कुमार ने कहा, "मृतकों में एक सात साल की बच्ची भी शामिल है। अन्य मृतक वयस्क हैं। उनकी सही उम्र और पहचान की पुष्टि की जा रही है।
इसके अलावा, एसयूवी में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और फिलहाल नजदीकी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। सीओ ने बताया कि हादसा गुरुवार रात करीब 11 बजे हुआ जब एसयूवी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गई। अधिकारी ने कहा, "शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।"