Up News : पेड़ पर लटकता मिला लापता युवक का सिर,जांच में जुटी पुलिस

Update: 2025-08-03 00:44 GMT
Up News : उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ससुराल जाने की बात कहकर घर से निकले युवक का शव गांव के बाहर जंगल में मिला। उसका सिर फंदे से पेड़ से लटका हुआ था जबकि धड़ जमीन पर पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव कुंडौली निवासी 40 वर्षीय सर्वेश मजदूरी करता था। उसकी पत्नी ने बताया कि पिछले रविवार को सर्वेश ससुराल जाने की बात कहकर शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव जोगीपुर के लिए निकला था। वहां से वह मंगलवार तक घर नहीं लौटा। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। बुधवार को पत्नी ने शहर कोतवाली में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद उसने गांव के लोगों से उसकी तलाश के लिए मदद मांगी। इसके बाद गांव के लोग भी तलाश में जुट गए। इसी बीच शनिवार को सर्वेश का सिर गांव से करीब 500 मीटर दूर एक पेड़ पर रस्सी से लटका मिला, जबकि उसका धड़ जमीन पर पड़ा मिला।
परिवार की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस ने सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) नृपेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है, आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News