Up News : शहर के जेल गेट चौकी क्षेत्र में लगातार वारदातें बढ़ रही हैं। सलेमपुर में युवक पर जानलेवा हमले के बाद हिदायत नगर में हमलावरों ने घर के बाहर बैठे किशोर के साथ मारपीट की। तीन राउंड फायरिंग कर मोहल्ले में दहशत फैला दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मोहल्ला हिदायत नगर निवासी हसीना बेगम ने बताया कि उसका बेटा फुरकान (16) घर के बाहर बैठा था। रात करीब साढ़े आठ बजे मोहल्ले का ही निक्की और कालिया, नदीम अपने दो-तीन अज्ञात साथियों के साथ पहुंचे। आरोपियों के पास लाठी-डंडे और तमंचे थे।
उन्होंने उसके बेटे को पकड़ लिया और बिना किसी कारण के लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। शोर-शराबा होने पर निक्की ने जान से मारने की नीयत से फुरकान पर 315 बोर के तमंचे से तीन राउंड फायर कर दिए। बेटे ने पास में खड़े छोटा हाथी और ऑटो के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। परिवार की कई महिलाओं ने उन्हें ललकारा तो आरोपी तमंचा लहराते हुए और हवाई फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए। उन्होंने 3-4 दिन में पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Tags: