UP News: साइबर जालसाज लगातार लोगों के खातों में सेंध लगा रहे हैं। साइबर ठगों ने एक महिला समेत दो लोगों के खातों से 4.33 लाख रुपये उड़ा दिए। कभी जालसाज ने बैंक कर्मचारी बनकर लोगों को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का लालच दिया तो कभी पार्ट टाइम जॉब के जाल में फंसाया। ये मामले कृष्णानगर और आशियाना के हैं। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर लिए हैं और साइबर क्राइम सेल की मदद से जांच कर रही है। कृष्णानगर के आलमबाग के गीतापल्ली निवासी गिरिजा शंकर वर्मा का इंडसइंड बैंक में बचत खाता है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को इंडसइंड बैंक कर्मचारी बताकर क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का ऑफर दिया। इसके बाद जालसाज ने दो मिनट के अंदर दो बार में खाते से 1.96 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।
साइबर सेल और बैंक से शिकायत करने के बाद गिरिजा शंकर ने कृष्णानगर थाने में आईटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, आशियाना सेक्टर-के निवासी सुहाना उर्फ ​​दिव्या ने बताया कि कुछ समय पहले एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया। जालसाज ने पीड़िता को वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर जानकारी हासिल कर ली। फिर उसने कई किस्तों में 2,37,250 रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़िता को ठगी का पता तब चला जब उसने अपनी पासबुक अपडेट कराई। पीड़िता ने आशियाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
Tags: