UP News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के बरेह थाना क्षेत्र में मगरमच्छ के हमले में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि चंबल नदी में 22 घंटे तक चलाए गए सघन तलाशी अभियान के बाद मृतक का शव बरामद कर लिया गया।
मवेशियों को पानी पिलाते समय युवक पर मगरमच्छ ने किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार चकरनगर के उप जिलाधिकारी (SDM) ब्रह्मानंद कठेरिया ने बताया कि हरपुरा गांव निवासी रामवीर निषाद शनिवार दोपहर चंबल नदी के किनारे अपने मवेशियों को पानी पिला रहा था, तभी मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। कठेरिया के अनुसार इससे पहले कि आसपास मौजूद ग्रामीण रामवीर की मदद के लिए आ पाते, मगरमच्छ ने उसे गहरे पानी में खींच लिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वह भिठौली थाना प्रभारी के साथ मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया। 22 घंटे की तलाश के बाद नदी से मिला शव, परिजनों को दी जाएगी आर्थिक सहायता
कथेरिया के अनुसार, अभियान में मदद के लिए चंबल सेंक्चुरी विभाग की विशेष खोजी टीम को भी बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि 22 घंटे तक चले व्यापक तलाशी अभियान के बाद टीम ने रविवार को रामवीर का क्षत-विक्षत शव नदी से बरामद कर लिया। कठेरिया ने बताया कि रामवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।