Up News: बोतल में पेट्रोल न देने पर भड़के बदमाश, पंप मैनेजर को मारी गोली
UP News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बाइक सवार दो बदमाशों ने बोतल में पेट्रोल देने से मना करने पर पंप मैनेजर को गोली मार दी। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी, सीओ सिकंदराबाद समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं पुलिस चश्मदीदों से भी पूछताछ में जुटी है। फिलहाल आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।पूरा मामला बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के जोली गांव के पास सिकंदराबाद-जेवर स्टेट हाईवे पर स्थित एचपी पेट्रोल पंप का है।
यहां बाइक सवार दो युवक पेट्रोल डलवाने आए थे। उन्होंने बोतल में पेट्रोल मांगा, लेकिन पंप कर्मियों ने नियमों का हवाला देते हुए ऐसा करने से मना कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद हिंसक झड़प हो गई। पंप कर्मियों ने बताया कि हमलावरों ने अचानक हथियार निकाल लिए और फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें पंप मैनेजर राजू शर्मा को चार गोलियां लगीं। राजू शर्मा को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
इस पूरे मामले को लेकर एसएसपी श्लोक कुमार का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि बोतल में पेट्रोल न देने को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी दो बाइक पर सवार होकर आए और पंप मैनेजर पर फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं। आरोपियों को जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।