Up News: रंजिश के चलते कार सवार लोगों ने दो बाइक सवारों पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक घायल हो गए। आरोपियों ने युवकों के रिश्तेदार की बाइक में आग लगा दी और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घायलों के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कार और जली हुई बाइक को थाने में खड़ा करा दिया है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पुसगवां निवासी तंजीर हुसैन ने तहरीर देकर बताया कि राशिद आदि उसकी भतीजी की बेटी को लेकर उसके परिवार पर अभद्र टिप्पणी करते हैं। कई बार समझाने के बाद भी वह नहीं मान रहे हैं। कई बार कहासुनी हो चुकी है। गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे राशिद, शहनाज, शेर मोहम्मद, अखलाक, आमिर, मुस्लिम व चार-पांच लोग लाठी-डंडे लेकर कार में सवार होकर आए। जान से मारने की नीयत से उन्होंने बेटे मोहम्मद आदिल व भतीजे आफताब पर कार से टक्कर मार दी। दोनों ने साइड में कूदकर जान बचाई। कार सवारों ने दोनों को लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।
इसके बाद राशिद ने कार से उसके बेटे की बाइक में कई बार टक्कर मारी। उसके रिश्तेदार शाहबे आलम की बाइक में आग लगा दी। गांव में अफरा-तफरी मच गई। डर के मारे लोग अपने घरों में दुबक गए। घटना में मोहम्मद आदिल और आफताब घायल हो गए। आरोपी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।